रोहतक जिले के डोभ के पास देर रात हाईवे पर एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में कार में सवार एक पुलिस कर्मी को गंभीर चोटें आई हैं जो अभी पीजीआई रोहतक के ट्रामा सेंटर में उपचाराधीन है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे का कारण रोड पर रिफ्लेक्टर व स्ट्रीट लाइट का न होना बताया जा रहा है। थाना बहुअकबरपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रोहतक शहर के हरियाणा पुलिस में कार्यरत आनंदपुरा निवासी विकास पूनिया वीरवार रात भिवानी से अपने घर वापिस कार से लौट रहे थे। उसी बीच रात करीब 11 बजे रोहतक-भिवानी हाईवे पर गांव डोभ के बालाजी मंदिर के पास कार अनियंत्रत हो गई, हाईवे पर स्ट्रीट लाइट व रिफ्लेक्टर न होने की वजह से विकास कार को संभाल नहीं पाए और तेज रफ्तार में ही कार हाईवे किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में विकास को गंभीर चोटें आई। पेड़ से कार के टकराने की आवाज इतनी तेज थी कि ग्रामीणों की नींद खुल गई और वे जब मौके पर पहुंचे तो पाया कि एक कार पेड़ में धंसी हुई है। पुलिस को सूचना देकर ग्रामीण खुद ही राहत कार्य में जुट गए। पुलिस ने घायल विकास को अस्पताल भिजवाया जहाँ से उन्हें पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया गया।

मामले में थाना पुलिस का कहना है कि हादसे की जांच की जा रही है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। घायल के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!