कॉकरोच जनता पार्टी आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसके लिए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके आज अमेरिका से भारत लौट आए हैं और अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे हैं। सीजेपी के प्रोटेस्ट के मद्देनजर जंतर-मंतर पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन की इजाजत दी है। बता दें कि, अभिजीत दीपके ने इस महीने की शुरुआत में अपने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। कॉकरोच पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके आज सुबह 7:30 बजे ब्रिटिश एयरवेज के विमान से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। पुलिस द्वारा जंतर-मंतर के दोनों तरफ बैरिकेड से घेरा बनाया गया है और हजारों पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
कॉकरोच पार्टी के विरोध प्रदर्शन में जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए प्रदर्शनकारी नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धर्म की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेंगे। यह प्रदर्शन फेल नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि यह सिस्टम की गलती से हुआ है जो सारे कॉक्रोच बाहर आ गए हैं। धर्म के नाम पर छात्र अब नहीं बटेंगे। धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, एक मिनिस्टर की विफलता की वजह से छात्रों को जान गंवानी पड़ रही है।
अभिजीत दीपके ने विरोध प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर से केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। अभिजीत ने कहा कि आप हमारी सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकते हैं, लेकिन हमें नहीं हटा सकते। यह सिस्टम की गलती है कि कॉकरोच बाहर निकल रहे हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन अब पूरी तरह से गर्मा गया है और जंतर-मंतर पर स्थिति लगातार बदल रही है। दोपहर होते-होते जंतर-मंतर पर युवाओं का हुजूम उमड़ पड़ा है। प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ और लगातार हो रही नारेबाजी को देखते हुए पुलिस ने बैरिकेड्स के पास सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया है। अर्धसैनिक बलों को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है।
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के बीच कुछ अज्ञात लोग पहुंच गए हैं और उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ ही नारेबाजी शुरू कर दी है। इस कारण माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हंगामा कर रहे कुछ को तुरंत हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया है।
दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को संसद मार्ग थाने जाने के बजाय सीधे जंतर-मंतर पहुंचने का निर्देश दिया। वर्तमान में पूरा इलाका पुलिस और अर्धसैनिक बलों की कड़ी सुरक्षा में है। मौके पर मौजूद सीआरपीएफ (CRPF), रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) और दिल्ली पुलिस के जवान लाउडस्पीकर के जरिये लगातार शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं।

