रोहतक मे राम भक्तों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। रोहतक रेलवे स्टेशन से तीन मार्च को दूसरी आस्था स्पेशल ट्रेन चलेगी। 22 डिब्बों की यह इलेक्ट्रिक ट्रेन रोहतक से बहादुरगढ़, दिल्ली, गाजियाबाद, कानपुर, लखनऊ होते हुए श्रीराम नगरी यानी अयोध्या पहुंचेगी। तीन मार्च को यह ट्रेन स्टेशन से रात में 10 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या के लिए रवाना होगी और पांच मार्च को यह ट्रेन दिन के समय अयोध्या पहुंचेगी। रेलवे की ओर से ट्रेन की फाइनल समय सारिणी मार्च के पहले सप्ताह में जारी की है
अयोध्या में भव्य राम मंदिर का उद्घाटन होने के बाद रोहतक से जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अयोध्या के लिए पहले फरक्का एक्सप्रेस ट्रेन और अब आस्था स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। हालांकि रेलवे इस पर जल्द ही अपना सर्वे भी करने जा रही है ताकि सुचारू रूप से ट्रेन का संचालन किया जा सके। महीने में 200 से ज्यादा श्रद्धालु रोहतक से अयोध्या के लिए रवाना होते है। इसके लिए श्रद्धालु रोजाना ट्रेन की पूछताछ के लिए भी पहुंचते है। वहीं रेलवे की तरफ से जल्द ही अयोध्या जाने के लिए अलग से समय सारिणी का बोर्ड स्टेशन के बाहर और स्टेशन के अंदर समेत टिकट आरक्षण केंद्र के बाहर लगाया जाएगा।
18वीं शताब्दी में तैयार रेलवे स्टेशन आज जंक्शन बना हुआ है। यहां गोहाना, जीद, रेवाड़ी, भिवानी, दिल्ली की ओर गाड़ियों का आवागमन होता है। प्रतिदिन 40 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है। 80 से ज्यादा पैसेंजर, एक्सप्रेस व मालगाड़ियां यहां से गुजरती हैं। परिवहन की दृष्टि से यह रेलवे स्टेशन बेहद महत्वपूर्ण स्टेशन है, क्योंकि पीजीआईएमएस और कई शैक्षणिक संस्थान होने के चलते काफी मरीजों तथा विद्यार्थियों का भी आवागमन होता है।
रेलवे मुख्यालय ने रोहतक से ही नहीं जगह-जगह से अयोध्या के लिए रेल चलाने का निर्णय लिया है। कुछ जगहों पर अयोध्या के लिए रेल सेवा जारी है। कुछ जगहों पर प्रस्ताव पारित हो चुका है। रोहतकवासियों को अयोध्या के लिए दूसरी ट्रेन की सौगात जल्द मिलने वाली है। आस्था स्पेशल ट्रेन की फाइनल समय सारिणी मार्च के पहले सप्ताह में जारी कर दी जाएगी।
-कैप्टन शशि किरण, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे
