करनाल शहर के रामनगर क्षेत्र में देर रात पुरानी रंजिश के चलते 22 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक की छाती और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस के अनुसार, शव पर शार्प कट के कुल 9 निशान मिले हैं, जिनमें छाती पर गहरे घाव शामिल हैं।

घायल युवक को परिजन तुरंत सिविल अस्पताल करनाल ले गए, जहां शनिवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि अधिक खून बहने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया।

दोस्त के घर के बाहर बैठा था, तभी हुआ हमला

मृतक की पहचान रामनगर की वाल्मीकि बस्ती निवासी अंकुश (22) के रूप में हुई है। उसके पिता सुरेंद्र ने बताया कि अंकुश आठवीं तक पढ़ा था और इन दिनों एक बैंक की कैंटीन में काम करता था।

घटना की रात वह अपने दोस्त मोहित के घर के बाहर बैठा था। करीब 9 बजे वह घर के बाहर बाथरूम के लिए निकला, तभी बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उसकी छाती पर चाकू से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने छाती से चाकू निकालकर पेट में भी कई वार किए। अंकुश के चिल्लाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए।

इलाज के दौरान लिया तीन युवकों का नाम

गंभीर हालत में अंकुश को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसने पीयूष, अज्जू और सोनू नाम के तीन युवकों का नाम लिया है। परिजनों ने इन्हीं के खिलाफ शिकायत दी है।

रामनगर थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने बताया कि युवक पर 4-5 लड़कों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला किया। शव पर 9 जगह चाकू के निशान मिले हैं। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

बेटे की शादी की तैयारी कर रहा था परिवार

परिजनों के अनुसार, अंकुश दो भाइयों और दो बहनों में से एक था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। परिवार अब उसकी शादी की तैयारी कर रहा था और रिश्ता भी देख रहा था। बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

अस्पताल में परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा भी किया। पुलिस ने उन्हें जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!