हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक सरकारी स्कूल परिसर में युवक की हत्या कर दी गई। स्कूल पहुंचते ही टीचर्स और स्टाफ ने फर्श पर खून से लथपथ युवक का शव पड़ा देखा, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
यह घटना राजकीय माध्यमिक विद्यालय हेलीमंडी की है। जानकारी के अनुसार, जब सुबह स्कूल का स्टाफ पहुंचा तो परिसर के अंदर युवक की लाश पड़ी मिली और आसपास काफी खून फैला हुआ था। यह दृश्य देखकर शिक्षक घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक की पहचान रवि के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 20 साल बताई जा रही है। वह उत्तर प्रदेश के ललितपुर का रहने वाला था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और स्कूल स्टाफ व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि युवक की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है और आसपास के क्षेत्र में भी छानबीन की जा रही है।
