Rohtak: रोहतक में ड्यूटी के बाद दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे एक युवक की बाइक सवार हमलावरों ने चाकू घोंप कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान गांव बलंभ निवासी प्रवीण के रूप में हुई। वह रोहतक की एक निजी कंपनी में काम करता था।
गांव बलंभ निवासी सतबीर ने बताया कि उसका 32 वर्षीय बेटा प्रवीण रोहतक स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और रोजाना वह मोटरसाइकिल से रोहतक आता और रात को घर लौटता था। उसके साथ गांव का ही एक युवक नवीन भी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है जो उसके साथ ही बाइक पर जाता है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर रात को प्रवीण व नवीन ड्यूटी खत्म कर जब वापस अपने घर जा रहे थे तो सुनारिया जेल के नजदीक पीछे से एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल आई और उस पर सवार युवकों ने हाथ का इशारा कर प्रवीण की मोटरसाइकिल रुकवाने का प्रयास किया।
जैसे ही प्रवीण ने अपनी मोटरसाइकिल धीमी की तो युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में चाकू प्रवीण की छाती व शरीर में अन्य स्थान पर लगे। चाकू के वार से उसका दिल छलनी हो गया जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
वहीं साथी नवीन उसे लहूलुहान हालत में रोहतक पीजीआई लेकर आया। वहां पर पर डॉक्टरों ने प्रवीण को मृत घोषित करके इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
शिवाजी कॉलोनी पुलिस थाने के एसएचओ शमशेर सिंह ने बताया कि सूचना मिली है कि प्रवीण को चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पीड़ितों के बयान दर्ज करने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। वहीं पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई में जुटी है।
