लखनऊ के मदेयगंज इलाके में तेज रफ्तार ब्रेजा कार 3 लोगों को रौंद दिया। बेकाबू कार कैफे के काउंटर को टक्कर मारते हुए बिजली के पोल से टकराकर रुकी। घायलों को उपचार के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। बच्चे और महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना में साइकिल, स्कूटी, कैफे का काउंटर और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान का सामान क्षतिग्रस्त हो गया। क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना मंगलवार दोपहर 3 बजे शिया पीजी कालेज के सामने हुई। कार महिला चला रही थी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। कार पंकज कुमार गुप्ता के नाम पर रजिस्टर्ड है।

घटना में घायल 45 वर्षीय रविंद्र पांडेय की मौत हो गई। वह ज्वाला देवी मंदिर, खदरा लखनऊ के रहने वाले थे। KGMU में संविदा कर्मी थे। उनके भाई देवेंद्र पांडेय ने बताया कि रविंद्र निजी काम से गए थे। साइकिल से घर लौटते समय कार ने उन्हें रौंद दिया। परिवार में रविंद्र की पत्नी सरोज, बेटा कृष्णा और बेटी अन्या पांडेय है।

हादसे में घायल 10 वर्षीय बच्चे की पहचान बांसमंडी भानूटोला, सीतापुर रोड लखनऊ निवासी दक्ष सोनकर के रूप में हुई है। उसके चेहरे, सिर और अन्य जगहों पर चोट आई है। उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वह किसी काम से शिया पीजी कालेज के पास आया था और हादसे का शिकार हो गया। वहीं, अज्ञात महिला का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। वह क्षेत्र में भीख मांगकर जीवनयापन करती थी।

महिला कार चालक की पहचान 35 वर्षीय तनु गुप्ता के रूप में हुई है। वह सहादतगंज में रहती है। रियल स्टेट का काम करती है। वह डालीगंज क्रासिंग की ओर से आ रही थी। घटनास्थल काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है। हादसे के समय वहां काफी भीड़ थी। प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि अलीगंज की ओर से बेकाबू कार आई और लोगों को रौंदते चली गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते महिला, बच्चे समेत तीन लोगों को रौंद कर फ्रेंड्स कैफे के काउंटर और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान के सामान को टक्कर मारते हुए बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर होने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। थोड़ी ही देर में काफी लोग एकत्रित हो गए। लोगो ने महिला कार चालक को घेर लिया। उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!