दिल्ली मेट्रो में नाच-गाने और लड़ाई-झगड़े के वीडियो देखना लोगों के लिए आम बन चुका था। लेकिन इंटरनेट पर वायरल वीडियो में यूजर्स को जो देखने को मिलता है, उसकी किसी को उम्मीद नहीं होती है। वायरल क्लिप में मेट्रो के वुमेन्स कोच में ‘सांप’ की मौजूदगी से महिलाएं डर जाती है और खुद बचाने के लिए मेट्रो की सीट पर भी चढ़ जाती है।
घटना से सख्ते में आने के बाद महिलाएं मेट्रो कोच में इमरजेंसी रेड बटन ढूंढने लगती है। इस दौरान वह कई बार रेड बटन भी दबाती है, लेकिन तुरंत कुछ भी नहीं होता है। हालांकि, क्लिप में थोड़े समय के बाद मेट्रो ‘अक्षरधाम’ स्टेशन पर रुकती है। जहां ट्रेन के बाहर पैसेंजर्स की भारी भीड़ देखी जा सकती। DMRC ने इस मामले में रिप्लाई करते हुए कुछ अलग ही बात बताई है।
इस वीडियो में मेट्रो के अंदर मची अफरा-तफरी देखी जा सकती है। महिलाएं एक-दूसरे से इमरजेंसी रेड बटन दबाने को कह रही है। क्योंकि दावा किया जा रहा है कि मेट्रो में एक सांप घुस आया है। क्लिप में हर तरफ महिलाएं ही नजर आती है, ऐसे में लोग यह अंदाजा लगा रहे हैं कि यह वीडियो वुमेन्स कोच का है। ‘सांप’ के डर से बोगी में मौजूद लोगों को चिल्लाते और इधर-उधर भागते देखा जा सकता है।
हालांकि, पूरे मामले में ट्विस्ट तब आ जाता है, जब DMRC खुद ट्वीट करके बताती है कि मेट्रो में ‘सांप’ नहीं बल्कि छोटी छिपकली मिली है। लेकिन अब पूरे सोशल मीडिया पर यह वीडियो सांप के नाम पर वायरल हो चुका है।
