हरियाणा के जींद जिले के गांव गंगोली में पंचायत घर अड्डे पर रोडवेज बस नहीं रुकने की शिकायत को लेकर एक छात्रा और हरियाणा रोडवेज जींद डिपो के ड्यूटी इंस्पेक्टर (डीआई) आजाद सिंह के बीच हुई फोन पर बातचीत का ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो में छात्रा अपने गांव के पंचायत घर स्थित अड्डे पर बस रुकवाने की मांग कर रही है, जबकि डीआई का कहना है कि वहां बस का कोई निर्धारित स्टॉपेज नहीं है।
बातचीत के दौरान छात्रा ने सवाल उठाया कि जब गांव में अन्य स्थानों पर बस रुकती है तो पंचायत घर के सामने क्यों नहीं रुक सकती। इस पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। छात्रा लगातार समान अधिकार और सुविधा की बात करती रही, जबकि डीआई नियमों का हवाला देते रहे।
वायरल ऑडियो में डीआई आजाद सिंह छात्रा से उसके परिवार की जानकारी पूछते सुनाई देते हैं। छात्रा ने अपने पिता और दादा का नाम भी बताया। इसके बाद छात्रा ने आरोप लगाया कि गांव के अन्य हिस्सों में बस रुकती है, लेकिन पंचायत घर वाले अड्डे की अनदेखी की जा रही है।
बातचीत के दौरान मामला और गर्मा गया। ऑडियो में डीआई कथित तौर पर बस बंद कराने, गाड़ी नहीं भेजने और एफआईआर दर्ज कराने जैसी बातें भी कहते सुनाई दे रहे हैं। वहीं छात्रा का कहना था कि वह केवल गांव के लोगों और छात्राओं की सुविधा के लिए बस रुकवाने की मांग कर रही है।
छात्रा ने यह भी सवाल उठाया कि सुबह चंडीगढ़ जाने वाली बस पंचायत घर के सामने रुककर सवारियां बैठाती है, फिर उसी स्थान को नियमित स्टॉपेज क्यों नहीं माना जाता। इस मुद्दे पर भी दोनों के बीच लंबी बहस हुई।
वायरल ऑडियो के बाद रोडवेज प्रशासन की कार्रवाई
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रोडवेज प्रशासन हरकत में आया। जींद रोडवेज के महाप्रबंधक राहुल जैन ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद ड्यूटी इंस्पेक्टर आजाद सिंह की ड्यूटी बदल दी गई है। उन्हें फ्लाइंग शाखा में लगाया गया है, जबकि उनकी जगह कप्तान सिंह को नया ड्यूटी इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया है।
महाप्रबंधक ने कहा कि रोडवेज की सभी बसें निर्धारित स्टॉपेज पर ही रुकेंगी और किसी भी छात्रा, महिला या अन्य यात्री को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि ड्राइवरों और कंडक्टरों को भी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की शिकायतें सामने न आएं।
