पानीपत। दशहरे के उत्सव के बाद पानीपत में देर रात सड़क हादसों की घटनाएं सामने आईं। शहर और आसपास के इलाकों में महज एक घंटे के भीतर चार अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए कुछ लोगों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करना पड़ा।

पहला हादसा करनाल से पानीपत रिश्तेदारी में आईं दो महिलाओं के साथ हुआ। संतोश और पिंकी स्कूटी पर सवार होकर जा रही थीं, तभी एक बाइक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में संतोश की टांग टूट गई, जबकि पिंकी का हाथ टूट गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

दूसरी घटना में बाबरपुर निवासी पवन अपने टेंपो से घरौंडा जा रहा था। रास्ते में एक कार ने उसके टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।

वहीं, कुटानी निवासी प्रवीण बाइक से पानीपत आ रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। घायल प्रवीण को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया।

तीसरा हादसा बिंझौल मोड़ पर शराब के ठेके के सामने हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में डाहर निवासी रवि और महराणा निवासी सुमित घायल हो गए। दोनों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भी रेफर कर दिया।

लगातार हुए हादसों के चलते रात में घायलों को अस्पताल पहुंचाने का सिलसिला जारी रहा। दशहरे के बाद हुई इन दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!