रोहतक शहर की एक कॉलोनी के रहने वाले एक युवक को साइबर ठग ने RTO चालान की APK फाइल भेजकर ठगी का शिकार बनाया। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित दीपक कुमार के मुताबिक वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। वॉट्सएप पर 13 मार्च को एक नंबर से RTO चालान के नाम से APK फाइल मिली। इस फाइल पर अनजाने में क्लिक कर दिया, जिसके बाद फोन पर ओटीपी के मैसेज आए, जिन्हें नजरअंदाज कर दिया।
पीड़ित दीपक कुमार के मुताबिक अगले दिन फोन देखा, तो पता चला कि रात के समय 4 ट्रांजैक्शन के माध्यम से उसके खाते से 1 लाख 4 हजार रुपए निकाले गए है। इसके बारे में बैंक में जाकर पता किया, तो उन्होंने बताया कि किसी ने उसके खाते से धोखाधड़ी करके पैसे निकाले है।
पीड़ित दीपक के अनुसार आरोपी ने उसके खाते से 4 बार ट्रांजैक्शन करके रुपए निकाले, जिसमें पहली बार में 99 हजार, दूसरी बार 3599, तीसरी बार 999 व चौथी बार में 408 रुपए की ट्रांजैक्शन की गई है। बैंक से स्टेटमेंट निकलवाकर पुलिस को शिकायत दी गई है।
साइबर क्राइम थाना पुलिस के मुताबिक एक युवक ने साइबर ठगी की शिकायत दी है। जिसमें APK फाइल के माध्यम से RTO चालान भेजा गया है। पुलिस ने मामले में पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जल्द ही मामले में आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
