हरियाणा के गुरुग्राम में ढाई साल की मासूम बेटी अनिका की हत्या करने के बाद खुद का गला काटने वाली नेहा शर्मा के मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में पता चला कि नेहा इसी साल जनवरी में यूपी के बिजनौर से पति आधार शर्मा के पास रहने गुरुग्राम आई थी।
इसके बाद से वह गुरुग्राम में रहना चाहती थी, ससुराल बिजनौर नहीं जाना चाहती थी और न ही पति को भेजना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति ने उससे कहा था कि तुम्हारे यहां आ जाने से परिवार और रिश्तेदार ताने मारते हैं, मुझे परिवार से अलग मत करो।
पुलिस के मुताबिक, पति की इसी बात से नाराज नेहा ने सोमवार को खौफनाक कदम उठा लिया। पहले उसने अपनी मासूम बेटी को गला घोंट कर मौत की नींद सुला दिया और फिर कैंची से अपना गला भी काट लिया। उसने बेटी के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया, जिससे मासूम बच्ची की चीखें फ्लैट के कमरे की दीवारों में दब गईं।
दिनभर कॉल रिसीव नहीं करने पर पति फ्लैट पर पहुंचा तो कमरे का दृश्य देख उसके होश उड़ गए। उसका कहना है कि मामूली बात पर नेहा इतना बड़ा कदम उठा लेगी, वह सपने में भी सोच नहीें सकता था। वारदात के बाद पत्नी के प्रति उसका गुस्सा इतना था कि वह उसे अस्पताल में ही भर्ती छोड़ यूपी में अपने घर चला गया।
