Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

माँ ने ही की ढाई साल की बेटी की हत्या…कैंची ख़ुद का भी काटा गला

गुरुग्राम के सूर्या विहार कॉलोनी में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मां पर अपनी ढाई साल की बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद महिला ने कैंची से अपना गला काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की। कई घंटे तक दोनों घर के अंदर ही पड़े रहे।

जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान 30 वर्षीय नेहा शर्मा के रूप में हुई है, जबकि मृत बच्ची का नाम अनिका था। बच्ची को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, वहीं नेहा शर्मा की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब पति आधार शर्मा ड्यूटी से लौटकर घर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पड़ोसियों की मदद से तोड़ा गया। अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। बच्ची और महिला दोनों बेहोश हालत में पड़े थे। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान थे, जबकि महिला के गले पर गहरा घाव था।

दोनों को तुरंत गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। हालांकि झगड़े की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पति आधार शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं और करीब चार साल पहले नेहा से उनकी शादी हुई थी। उनकी बेटी अनिका की उम्र ढाई साल थी। वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में काम करते हैं और फिलहाल सूर्या विहार में किराए पर रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घरेलू विवाद के बाद नेहा शर्मा ने पहले बच्ची की हत्या की और फिर खुद की जान लेने की कोशिश की। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

सेक्टर-9 थाना प्रभारी अवतार सिंह ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात में किस हथियार का इस्तेमाल किया गया। नेहा शर्मा के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उससे भी पूछताछ की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version