उत्तराखंड घूमने गए सोनीपत जिले के पांच युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। पिथौरागढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मुन्स्यारी से लौटते समय उनकी कार चंपावत जिले में अनियंत्रित होकर करीब 70 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। यह दुर्घटना बुधवार तड़के करीब 3:21 बजे टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल्थी क्षेत्र के पास हुई।

हादसे में कार सवार सभी पांच युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में तीन युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं दो अन्य युवकों का इलाज टनकपुर उपजिला अस्पताल में चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार सोनीपत के आसपास के गांवों के रहने वाले दोस्त उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले स्थित मुन्स्यारी घूमने गए हुए थे। यात्रा पूरी करने के बाद सभी युवक कार में सवार होकर चंपावत होते हुए टनकपुर की तरफ लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

बताया गया है कि सोनीपत नंबर की कार (HR-10AN-7221) बुधवार तड़के चल्थी-कठौल के बीच नेशनल हाईवे पर पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार करीब 70 मीटर नीचे जा पहुंची और उसमें सवार सभी युवक घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही चल्थी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया और खाई में गिरे सभी घायलों को बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से उन्हें इलाज के लिए उपजिला अस्पताल टनकपुर भेजा गया।

विवेक (32) पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम जाहरी, थाना सदर सोनीपत, अमनदीप (30) पुत्र राकेश कुमार, निवासी ग्राम जाहरी, थाना सदर सोनीपत, मोहित (33) पुत्र जगजीत, निवासी किलोहड़द, थाना सोनीपत, चालक आदित्य (32) पुत्र स्वर्गीय नरेश कुमार, निवासी ग्राम शहजादपुर, थाना सोनीपत सदर, अतुल (32) पुत्र सतपाल, निवासी शहजादपुर, थाना सोनीपत सदर शामिल हैं।

उपजिला अस्पताल टनकपुर में इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ. मानवेंद्र शुक्ला ने बताया कि अधिकांश घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। प्राथमिक इलाज के दौरान मोहित, अमनदीप और अतुल की हालत गंभीर पाई गई, जिसके चलते उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज टनकपुर अस्पताल में जारी है।

चल्थी चौकी के एसआई राकेश कठायत के अनुसार सुबह करीब साढ़े तीन बजे दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि वाहन चलाते समय उसे झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन खाई में जा गिरा।

हादसे की सूचना मिलते ही सोनीपत में घायलों के परिजनों में चिंता का माहौल बन गया। सभी परिवार लगातार अस्पताल प्रशासन और स्थानीय पुलिस के संपर्क में हैं तथा घायलों की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!