पानीपत। पानीपत में रविवार देर रात एक कॉटन फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। असंध रोड पर थर्मल पावर स्टेशन के सामने स्थित कॉटन एलीट टेक्सटाइल फैक्ट्री में रात करीब 12 बजे अचानक आग भड़क उठी। फैक्ट्री में कपड़ा और कॉटन का सामान होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया।
कपड़े और कॉटन के सामान ने आग को बनाया विकराल
जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद वहां रखा कपड़ा और कॉटन का सामान तेजी से जलने लगा। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग फैक्ट्री के बड़े हिस्से में फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि काफी दूर से दिखाई दे रही थीं।
दमकलकर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, फैक्ट्री के अंदर मौजूद कपड़े और अन्य सामान में आग सुलगती रही। इसके चलते दमकलकर्मी काफी देर तक आग बुझाने में जुटे रहे।
सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला
इस घटना में राहत की बात यह रही कि आग फैलने के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे सभी श्रमिक सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका
आगजनी में फैक्ट्री के अंदर रखा कपड़ा और अन्य सामान जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और फैक्ट्री के अंदर जांच के बाद ही हो पाएगा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
