हरियाणा के बहादुरगढ़ में चर्चित मधु मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। सेक्टर-6 स्थित देवीलाल पार्क के पास माइनर किनारे मिले युवती के शव मामले में पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके बॉयफ्रेंड ने ही की थी। आरोपी ने हत्या के बाद खुद पर भी हमला कर आत्महत्या की कोशिश की और पुलिस को गुमराह करने के लिए दो युवकों द्वारा हमले की झूठी कहानी गढ़ दी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी अभिषेक (22) ने अपनी गर्लफ्रेंड चांदनी उर्फ मधु (18) का चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपने गले और हाथ पर भी चाकू मार लिया ताकि मामला किसी बाहरी हमले जैसा लगे। हालांकि घटनास्थल के हालात, मोबाइल चैट और तकनीकी साक्ष्यों ने उसकी कहानी की पोल खोल दी।

सोशल मीडिया से शुरू हुआ था रिश्ता

जानकारी के अनुसार, चांदनी उर्फ मधु मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और फिलहाल बहादुरगढ़ के शक्ति नगर में परिवार के साथ रह रही थी। उसकी अभिषेक से दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवारों के सामने रिश्ते की बात खुलकर नहीं रखी गई थी।

माइनर किनारे मिला था शव

8 मई को लोगों ने देवीलाल पार्क के पास माइनर किनारे एक युवती का शव और पास में घायल हालत में एक युवक को पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। युवती की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि घायल युवक अभिषेक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआती जांच में मामला किसी तीसरे व्यक्ति के हमले का माना जा रहा था।

मोबाइल चैट से खुला राज

पुलिस जांच में दोनों की मोबाइल चैट और बातचीत अहम सबूत बने। जांच में पता चला कि अभिषेक ही चांदनी को प्यार से ‘मधु’ कहकर बुलाता था। पूछताछ के दौरान पुलिस ने जब सख्ती दिखाई तो आरोपी टूट गया और हत्या की बात कबूल कर ली।

लड़की की शादी तय होने से नाराज था आरोपी

सेक्टर-6 थाना प्रभारी जयभगवान के अनुसार, चांदनी के परिवार ने उसका रिश्ता बिहार में तय कर दिया था, जिससे अभिषेक नाराज चल रहा था। शुक्रवार को चांदनी ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ।

पुलिस के मुताबिक दोनों ने बैठकर विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन बहस बढ़ने पर अभिषेक ने गुस्से में चांदनी का गला काट दिया। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया।

मां बोलीं- बता देती तो शादी करवा देते

मृतका की मां वीना ने कहा कि अगर बेटी परिवार को रिश्ते के बारे में बता देती तो वे दोनों की शादी करवा देते। उन्होंने कहा कि परिवार को इस रिश्ते से कोई ऐतराज नहीं था, लेकिन अभिषेक ने उनकी बेटी की हत्या कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पुलिस ने आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल उसकी तबीयत में सुधार बताया जा रहा है और जेल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!