दशहरे के पावन अवसर पर 20 अक्टूबर को नई अनाज मंडी के सामने ओल्ड शुगर मिल ग्राउंड पर होने वाले भव्य सनातनी सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर बुधवार शाम को महंत कपिल पुरी महाराज ने नारियल फोड़कर श्री सनातनी युवा फाउंडेशन के सभी सदस्यों को इस आयोजन की शुभकामनाएं दी।
आपको बता दें कि रोहतक के इतिहास में पहली बार भव्य ड्रोन शो के माध्यम से आसमान में होने वाली प्रभु श्रीराम की दिव्य गाथा और राम-रावण युद्ध के मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किए जाएंगे। नई अनाज मंडी के सामने स्थित ओल्ड शुगर मिल ग्राउंड में शाम 4 बजे से आयोजित होने वाले कार्यक्रम के माध्यम से सनातन संस्कृति, भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय धार्मिक परंपराओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान पूर्व सहकारिता मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मनीष कुमार ग्रोवर ने कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत करवाते हुए महंत कपिल पुरी जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
महंत कपिल पुरी जी महाराज ने कार्यक्रम को लेकर कहा कि दशहरे के पावन अवसर पर आयोजित होने वाला यह भव्य सम्मेलन रोहतक के लोगों के लिए यादगार साबित होगा। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी भी ली।
पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि पिछले काफी समय से मन में विचार था कि रोहतक में ऐसा भव्य आयोजन किया जाए, जिसके माध्यम से युवा पीढ़ी को सनातन संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का अवसर मिले। इस विषय पर साथियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई और अंततः दशहरे के पावन अवसर पर 20 अक्टूबर को भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि हम सभी सनातनी हैं और अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा धार्मिक विरासत का संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार करना हमारा दायित्व है। इसी भावना के साथ इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है। आयोजन में भव्य ड्रोन शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा, जिसमें लगभग 300 ड्रोन के माध्यम से आसमान में प्रभु श्रीराम की गाथा, राम-रावण युद्ध और रामायण के विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक दृश्यों के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह रोहतक के लोगों के लिए एक अनूठा अनुभव होगा।
ग्रोवर ने बताया कि कार्यक्रम में ‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकार विशेष रूप से शिरकत करेंगे, वहीं मथुरा से आने वाली केशव टीम क्लबिंग भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेगी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नंदन ने भी लोगों से अपील की की कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लें। यह रोहतक के लोगों के लिए अनूठा और यादगार कार्यक्रम रहेगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी को सनातन से जुड़ने का अच्छा मौका मिलेगा। इस मौके पर मार्केट कमेटी के चैयरमेन अशोक चौधरी, समाजसेवी पवन आहूजा, राकेश आर्य, ईश्वर सिंगल, राजू मदान, सुबेर सैनी, पंकज भालोठिया, विनोद जैन, नरेश मित्तल, चंदन बक्शी, गुलशन निझावान, तरुण दुआ, विकास बंसल, संदीप गर्ग, अनिल स्वामी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
शहर और आसपास की कॉलोनियों से हजारों लोगों के पहुंचने की उम्मीद
मनीष कुमार ग्रोवर ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस भव्य सम्मेलन में कई हजार लोग शामिल होंगे। जनता कॉलोनी, राजेंद्र नगर, भिवानी चुंगी, सुनारिया चौक, अमृत कॉलोनी, विजय नगर, न्यू जनता कॉलोनी और नई अनाज मंडी सहित आसपास के अनेक क्षेत्रों के लोगों को इस आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा सुनारिया गांव, शेर विहार तथा आसपास के अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि रोहतक शहर के युवाओं में भी इस आयोजन को लेकर उत्साह है। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों तथा सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
