करनाल में रविवार देर रात नेशनल हाईवे पर बलड़ी बाईपास के पास हरियाणा रोडवेज रोहतक डिपो की बस और एक ट्राले के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा तब हुआ जब हाईवे पर चलते ट्राले ने रेड लाइट होते ही अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही रोडवेज बस के ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला और बस सीधे ट्राले में जा घुसी।
टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस ड्राइवर उसमें फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। वहीं घायल ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हादसे में बस ड्राइवर को काफी गंभीर चोटें आईं, लेकिन यात्री इस हादसे के लिए बस चालक को ही जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। बस यात्री विकास, पुरुषोत्तम, हरजिंद्र व अन्य का कहना है कि ड्राइवर लापरवाही से बस चला रहा था और उन्होंने उसे पहले भी टोकने की कोशिश की थी। एक यात्री ने बताया कि जब वे पानीपत से बस में सवार हुए थे, तभी उन्होंने ड्राइवर को तेज रफ्तार में बस चलाते देखा था।
बीच रास्ते में भी वह अचानक ब्रेक लगा चुका था। यात्री ने बताया कि जब बस करनाल पहुंची, तो रेड लाइट पर ट्राले ने ब्रेक लगाए, लेकिन बस ड्राइवर ने ध्यान नहीं दिया और सीधे ट्राले से टकरा गया। इस वजह से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में मौजूद कई लोग चोटिल हो गए और ड्राइवर बस के अंदर फंस गया।
टक्कर के बाद बस ड्राइवर केबिन में फंस गया। करीब 15 मिनट तक वह बस से निकलने के लिए संघर्ष करता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने मिलकर किसी तरह बस चालक को बाहर निकाला। वहीं, इस हादसे के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और रास्ता बहाल करवाया
सदर थाना के एसआई श्रीभगवान ने बताया कि हादसे की वजह से हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम लग गया था, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को बहाल करवा दिया। उन्होंने कहा कि घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। मामूली रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस ट्राले और बस चालक से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि हादसा ट्राले की गलती से हुआ या बस ड्राइवर की लापरवाही से।
