हरियाणा के रोहतक शहर में गुरुवार को बिल्डर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद कार सवार बदमाश फरार हो गए हैं। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों से जानकारी ली जा रही है। वहीं आसपास के लोगों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, शहर के झज्जर रोड स्थित शीतल नगर में ब्रदर्स बिल्डर्स के नाम से कारोबार करने वाले जगदेव उर्फ जुगनू (26) निवासी गोछी गुरुवार दोपहर बाद अपनी दुकान पर बैठे हुक्का भर रहा था। इसी दौरान कार में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए।

वहीं गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए बिल्डर जगदेव अपने आप सड़क तक आकर गिर गए और मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन कॉलोनी से कोई भी उनकी मदद के लिए नहीं आया। अधिक खून बहने की वजह से बिल्डर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को वारदात की जानकारी दी।

वारदात के बाद शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी। बदमाशों की तलाश के साथ-साथ हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस कॉलोनी के मोड़ पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के भाई रोबिन ने पुलिस को बयान दर्ज कराए हैं। बयानों के आधार पर पुलिस केस दर्ज कर रही है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!