हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बास कुशला गांव स्थित एक पीजी में युवक का सड़ा-गला शव फंदे पर लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है, जो नारनौल के खामपुर गांव का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से पीजी में रहकर MBBS प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब श्रीकृष्ण पीजी के एक कमरे से तेज बदबू आने लगी। अन्य किराएदारों और पीजी संचालक ने जांच की तो कमरा अंदर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां अंकित का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस के अनुसार शव करीब 4 से 5 दिन पुराना है और काफी हद तक सड़-गल चुका था।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
