राजस्थान के नागौर जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक प्राइवेट स्कूल में खेलते खेलते 9 वर्षीय छात्रा दिव्या की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब बच्ची स्कूल परिसर में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। अचानक वह लड़खड़ाकर जमीन पर गिर पड़ी। स्कूल स्टाफ उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ ही महीने पहले दिव्या के बड़े भाई की भी इसी तरह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हुई थी। परिवार पहले सदमे से उबरा ही नहीं था कि अब दिव्या की यूं मौत ने परिजनों को बहुत बड़ा आघात लगा है।

घटना 23 फरवरी की सुबह करीब 7:48 बजे गोटन कस्बे स्थित गोटन इंटरनेशनल स्कूल में हुई। स्कूल निदेशक रामकुंवर ओला के अनुसार तालनपुर निवासी राजेंद्र बापेडिया की बेटी दिव्या बापेडिया पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। उस दिन भी वह सामान्य रूप से स्कूल पहुंची थी। प्रार्थना शुरू होने में समय था, इसलिए कुछ बच्चे मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान दिव्या अचानक बेहोश होकर गिर गई। घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया। स्टाफ ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और बिना देर किए उसे गोटन के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं थे। शुरुआती जांच में मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट माना गया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। परिवार वालों ने बताया कि दिव्या के बड़े भाई अभिषेक की मौत भी लगभग चार महीने पहले इसी तरह हुई थी। 9 सितंबर 2025 को वह घर पर खेलते समय अचानक बेहोश हो गया था। उसे भी अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। लगातार दो बच्चों की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव और आसपास के इलाके में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!