रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) में शनिवार शाम को आपसी पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में गोलियां चलीं। इसमें एक पक्ष के हरियाणा पुलिस के जवान, छात्र नेता सहित चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में लाया गया। जहां से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में शनिवार शाम को राज्यपाल के कार्यक्रम के बाद लाइब्रेरी के बाद दो पक्षों में पैसे के लेनदेन को लेकर झगड़ा हो गया। इसमें एक पक्ष के हरियाणा पुलिस के जवान, छात्र नेता सहित चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में लाया गया। जहां से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

घायलों में हरियाणा पुलिस का जवान गांव आसन निवासी कुलदीप, छात्र नेता एवं पीएचडी छात्र गांव आसन निवासी सुशील हुड्डा उर्फ छोटा, गांव दुबलधन निवासी विदित व गांव खेड़ी आसरा निवासी हर्ष शामिल हैं।

वारदात से करीब एक घंटे पहले एमडीयू में राज्यपाल का कार्यक्रम था। हरियाणा के राज्यपाल एवं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) के कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय फैकल्टी डेवलपमेंट सेंटर (एफडीसी) का उद्घाटन करने पहुंचे थे। जिसके चलते काफी पुलिस फोर्स को भी एमडीयू में तैनात किया गया था। इसके बावजूद भी यह वारदात हो गई।

गांव रिठाल निवासी विजय ने बताया कि वह रोहतक में कोचिंग एकेडमी चलाता है। उसने करीब 6 लाख 40 हजार रुपए दीपक नामक युवक को दे रखे थे। शनिवार शाम करीब साढ़े 4 बजे उसका फोन आया और पैसों का हिसाब करने के लिए बुलाया। जिसके बाद वह भी अपने दोस्तों के साथ एमडीयू में पहुंच गया। वहीं आरोपी युवक भी अपने साथियों के साथ एमडीयू में पहुंच गया।

विजय ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने कहा कि वह 2 लाख रुपए ही देगा। जिस पर विजय ने कहा कि उसने 6 लाख 40 हजार रुपए लेने हैं। अगर पारिवारिक स्थिति कमजोर है तो मैं दो लाख छोड़ देता हूं, लेकिन 4 लाख 40 हजार रुपए तो देने होंगे। आरोपी युवक ने दो लाख रुपए ही देने की बात कही।
विजय ने कहा कि जब उसने अपने पैसे मांगे तो देख लेने की धमकी दी। वहीं कहा कि जो हो सकता है वह कर ले। पैसों के लेनदेन को लेकर चल रही बातचीत के दौरान विजय के साथ हरियाणा पुलिस के जवान कुलदीप, सुशील हुड्डा, विदित और हर्ष भी एमडीयू में आए हुए थे।

उन्होंने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान कुलदीप, सुशील, विदित व हर्ष को गोली जा लगी। किसी के सिर व तो किसी के हाथ पर गोली लगी थी। जिसके कारण चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में लाया गया, जहां से निजी अस्पताल रेफर किया गया है। उधर, पुलिस भी मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
