रोहतक में शनिवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक स्कूटी पर सवार होकर आए 4 नकाबपोश बदमाशों ने घर में ही चल रही ज्वैलरी शॉप पर कारीगर को पिस्टल प्वाइंट पर लेकर गिने-चुने 4 मिनट में करीब ढाई लाख रुपए के गहने लूट लिए और फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना शहर के आर्य नगर की है। पुलिस को बयान देते हुए कारीगर नाजिम ने बताया कि वह दोपहर 3:45 बजे दुकान पर ही बैठा था। इसी दौरान नकाबपोश दो बदमाश आए और आभूषण दिखाने की बात कहने लगे। जैसे ही मैं आभूषण दिखाने के लिए खड़ा हुआ और उसी दौरान एक बदमाश ने पिस्टल निकाली और मेरे सिर पर बट मार दिया। बट लगने के बाद मेरी आंखों के आगे अंधेरा छा गया व मुझे गन प्वाइंट पर लेकर उन्होंने चुप रहने के बारे में कहा। इसके बाद बदमाशों ने दुकान से आभूषण उठाकर अपनी जेब में रखने शुरू कर दिए। महज 2 या 3 मिनट के भीतर वे आभूषण उठाकर भागने लगे कि इसी दौरान दुकान में उनके दो और साथी घुस गए। उन्होंने आपस में इशारा किया और वहां से भाग निकले। बदमाशों की बोली लोकल ही थी।
नाजिम ने बताया कि बदमाश सोने की चेन करीब 10 ग्राम वजनी, ढाई पूजे करीब 30 ग्राम, 11 ग्राम की एक चेन टूटी हुई और 3 ग्राम की 1 जोड़ी बाली सहित मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। कुल मिलाकर करीब 2 लाख 70 लाख रुपए कीमत के आभूषण बदमाश लूट ले गए हैं।
पुलिस जांच के दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में बदमाश दिखाई दिए। यह कैमरा वारदात स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर ही लगा हुआ है। इसमें एक एक्टिवा दो बदमाश वहां खड़े दिखाई दे रहे हैं व कुछ सेकंड बाद दुकान की तरफ जाते हैं और 4 मिनट बाद अपने दो अन्य साथियों के साथ भागते हुए वापिस एक्टिवा की तरफ आते हैं व एक्टिवा स्टैंड पर ही मोड़ते हैं और चारों एक्टिवा पर सवार होकर मौके से फरार होते सीसीटीवी में दिखाई दे रहे हैं।
