रोहतक में फर्नीचर शोरूम में नौकरी करने वाले व्यक्ति से 80000 की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। रोहतक के गांव बोहर निवासी राहुल द्वारा पुलिस को दी जानकारी के अनुसार आरोपी ने पहले उसे गलती से खाते में डले पैसे वापस देने की बात कही। जब वह अपने अकाउंट का बैलेंस चेक करने लगा तो उसके खाते से 20-20 हजार रुपए कटने आरंभ हो गए।

जब तक वह कुछ समझकर अपने पैसों को बचा पाता, उससे पहले ही अकाउंट से 80 हजार रुपए कट चुके थे और अकाउंट खाली हो चुका था। राहुल ने मामले की शिकायत पुलिस को देते हुए बताया कि वह रोहतक के एक फर्नीचर शोरूम पर नौकरी करता है। रविवार सुबह उसके पास एक फोन आया। फोन पर बात करने वाले ने कहा कि उसके गलती से 20 हजार रुपए राहुल के अकाउंट में डल गए हैं, जिसको वापस भेज दें।

इसी दौरान सामने वाले ने व्हाट्सऐप पर कॉल की और बैलेंस के बारे में पूछा। इसके लिए उसने व्हाट्सऐप पर एक लिंक भी भेजा था। जब बैलेंस चेक किया तो फोन पे से पैसे कटने लगे। साथ ही फोन भी हैक कर लिया, जिस कारण वह फोन पर कोई काम नहीं कर सका। इसके बाद 4 ट्रांजेक्शन में 20-20 हजार रुपए करके कुल 80 हजार रुपए कट गए। जब आरोपी से संपर्क करना चाहा तो फोन रिसीव नहीं किया। वहीं बाद में पैसे वापस देने का झांसा देने लगा, लेकिन पैसे वापस नहीं किए।

राहुल ने पुलिस को बताया कि उसने यह रुपए किसी जरूरी काम के लिए लिए रखे हुए थे। इन पैसों को रिश्तेदारी में देना था, लेकिन इससे पहले ही वह ठगी का शिकार हो गया। उसके खाते से 80 हजार रुपए ऑनलाइन धोखाधड़ी करके निकाल लिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!