रोहतक में महम में एक व्यापारी द्वारा कई किसानों से करोड़ों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। बताया गया है कि व्यापारी पिछले 20 सालों से किसानों से अनाज की खरीद और पैसों का लेनदेन करता आ रहा था। व्यापारी अचानक लोगों के पैसे हड़प कर परिवार समेत गायब हो गया। गांव बहलंभा के आसपास के करीब 500 किसानों के 100 से 200 करोड़ रुपए की ठगी कर व्यापारी भागा है। महम थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर व्यापारी के खिलाफ धोखाधड़ी करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव बहलंभा निवासी मनोज ने पुलिस को दी शिकायत के बताया कि व्यापारी सुरेश पिछले 20 सालों से गांव के आसपास के किसानों के अनाज का लेनदेन करता था। उसने इसके लिए गांव में गोदाम बनाया हुआ है। किसान उसके पास अनाज बेचकर जाते थे और रुपए का लेनदेन भी करते थे। 8 जून की रात को वह अचानक गायब हो गया। जब ग्रामीण सुबह उसके घर पहुंचे तो ताला लगा हुआ मिला। लोगों ने अपने स्तर पर उसे ढुंढने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
मनोज ने आरोप लगाया कि सुरेश ने भागने से पहलें 31 मई को ही अपनी सारी प्रॉपर्टी रिश्तेदारों के नाम कर दी। जिसके कारण करीब 500 किसानों को 200 करोड़ रुपए की ठगी हुई है। महम थाना पुलिस ने मनेाज की शिकायत पर सुरेश के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी संजय ने बताया कि अभी तक बहलंभा निवासी मनोज ने व्यापारी द्वारा धोखाधड़ी की शिकायत दी है। जिसमें गांव व आसपास के करीब 500 किसानों से 200 करोड़ की धोखाधड़ी करने की बात कही गई है। अन्य पीड़ित किसानों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जिसके बाद ही मामला स्पष्ट होगा कि कितने लोगों से कितने रुपए की ठगी हुई है।
