गांव खरावड़ में रविवार देर रात यूको बैंक के एटीएम को काटकर चोरों ने 3 लाख 38 हजार 500 रुपए की नकदी चुरा ली। नकाबपोश चोरों ने जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया है, उनके तरीके के मुताबिक ये चोर शातिर हैं, जोकि लंबे समय से एटीएम चोरी की वारदातों को ही अंजाम देते रहे हैं। चूंकि तीन से चार नकाबपोश बदमाशों ने पहले एटीएम में लगे कैमरों को स्प्रे मारकर बंद कर दिया। इसके बाद एटीएम की रुपए डालने की मुख्य कैसेट यानि पर्ज बिन को सीधे कटर से काट दिया।
इसके चलते एटीएम में डाली गई 3 लाख 38 हजार 500 रुपए की नकदी चोरों ने चुरा ली। बैंक मैनेजर ने खरावड़ पुलिस चौकी में शिकायत देकर केस दर्ज करवाया है। यूको बैंक खरावड़ के मैनेजर मोहम्मद मुजाहिद अंसारी ने बताया कि 23 अगस्त को जब वह सुबह आए तो उनके यूको बैंक के एटीएम का ताला टूटा मिला। यूको बैंक के एटीएम मशीन काे कुछ नकाबपोश चोरों ने कटर से काटकर रात को 3,38500 रुपए चोरी कर लिए। इन नकाबपोश की संख्या भी 3 से चार तक रही। पुलिस ने मौके का मुआयना किया तो पाया कि बैंक के साथ एटीएम के शटर का ताला टूटा हुआ मिला। एटीएम मशीन कैश बाॅक्स डिब्बा कटा व खुला हुआ मिला। बाद में मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट व सीन आफ क्राइम टीम को जांचा गया। बैंक को मामले की सूचना पौने आठ बजे सूचना मिली। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी।
