रोहतक जिले के गांव मोखरा में एक मोबाइल की दुकान से गाँव के ही तीन युवकों ने शटर के नीचे से घुसकर नकदी चुरा ली। दुकान के गल्ले से 12 हजार की नकदी चुराते हुए आरोपी दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गए। मामले की शिकायत पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुकान में घुसकर चोरी करने का केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बहू अकबरपुर थाने की पुलिस को दी शिकायत में अजय ने बताया कि वह गांव मोखरा का रहने वाला है। उसने गांव में ही मोबाइल फोन बेचने की दुकान संचालित की हुई है। सोमवार दोपहर करीब सवा एक बजे वह दुकान का शटर बंद कर घर पर खाना खाने के लिए चला गया था।
करीब 20 मिनट बाद जब वह खाना खाकर वापस लौटा तो दुकान के अंदर से अंकित उर्फ गरीब, नरेंद्र उर्फ पप्पू व वीरेंद्र उर्फ बंटी निवासी मोखरा को निकलते हुए देखा। वे अजय को देखकर बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। अजय ने दुकान के अंदर जाकर सीसीटीवी फुटेज को चेक किया तो आरोपी दुकान के गल्ले से 12 हजार की नकदी निकालते हुए दिखाई दिए।
