वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद विवाद में हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की एंट्री हो गई है। विज ने कहा है कि ज्ञानवापी न उर्दू का शब्द है और न फारसी का। यह हिंदी का शब्द है और इससे ऐसा लगता है कि ज्ञानवापी मस्जिद नहीं, बल्कि मंदिर ही रहा होगा। हालांकि यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है और सर्वे किया जा रहा है। ऐसे में इसका फैसला कोर्ट ही करेगा।
देश तोड़ने का काम कर रहे ओवैसी
गृहमंत्री ने मुस्लिम नेता व AIMIM के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर देश में भड़काऊ बयानबाजी देने के लिए किसी को गोल्ड मेडल देना हो तो वह ओवैसी को दिया जा सकता है। ओवैसी देश को तोड़ने का काम कर रहा है।
केजरीवाल तो नाटककार
विज ने कहा कि BJP सरकार ने जम्मू एंड कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म किया। देश में BJP की सरकार आने के बाद कश्मीरी पंड़ित खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तो नाटककार है। कोई न कोई मुद्दा उठाते रहते हैं।
