रोहतक के सेक्टर-1 में एटीएम में कैश डालने वाली सीएमसी कैश वैन से 2.62 करोड़ रुपए की लूट मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस कैश वैन से शुक्रवार को लूट हुई, उस वैन के पिछले हिस्से में लगा सीसीटीवी कैमरा 31 मार्च से खराब था। अब सवाल यह उठता है कि जिस गाड़ी से रोजाना करोड़ों रुपए की राशि एटीएम में डालने के लिए ले जाया जाता है उस पर सुरक्षा के लिए लगाए गए कैमरे जैसे जरूरी उपकरणों को 8 दिन तक ठीक क्यों नहीं करवाया गया। इस तरह के सवाल ही कैश वैन टीम पर संदेह भी बढ़ा रहे हैं और पुलिस ने भी इन चार कर्मचारियों को क्लीनचिट नहीं दी है।

इन्हें भी जांच में शामिल कर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की विभिन्न टीमें मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही हैं लेकिन अब तक कोई ठोस सबूत जुटाने में पुलिस सफल नहीं हो पाई हैं। वहीं, रविवार को टिटोली चौकी इंचार्ज सोमबीर दहिया को अस्थाई तौर पर कंसाला चौकी भेजा गया है। माना जा रहा है कि लूट के दिन सड़क पर नाकों की स्थिति दुरुस्त नहीं मिली थी। लूट करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए साइबर सेल, सीआईए-1, सीआईए-2, स्पेशल टास्क फोर्स, संबंधित थाना की टीम और अन्य पड़ोसी जिलों की सीआईए की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। साइबर एक्सपर्ट की मदद से बदमाशों तक पहुंचने के लिए भी प्रयास कर रहे हैं।

लूटे गए संदूकों को टिटोली के पास नहर से बरामद किया गया है। वारदात से संबंधित साइबर सेल को कुछ इनपुट मिले हैं। वारदात में वैन पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही जरूर रही है। 31 मार्च से कैश वैन पर लगे सीसीटीवी कैमरे खराब बताए जा रहे हैं। सीएमसी कंपनी के पुराने कर्मचारियों की लिस्ट भी मांगी गई है। पुलिस सभी दृष्टि कोणों से वारदात की जांच कर रही है। इस प्रकार की लूट को अंजाम दे चुके पुराने बदमाशों को भी रडार पर रखा गया है। साइबर सेल, सीआईए की सभी टीमें, एसटीएफ और संबंधित थाना पुलिस संयुक्त रूप से वारदात में शामिल बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। -उदय सिंह मीना, एसपी

मामले में अब तक की जांच में सामने आया है कि लूट की वारदात को अंजाम देकर बाइक सवार बदमाश जींद रोड की तरफ जाते नजर आए हैं। जींद रोड पर वैन के सुरक्षाकर्मी रमेश (जोकि वारदात में घायल हो गया था) का गांव टिटोली भी पड़ता है। शनिवार को टिटोली गांव से गुजरने वाली नहर से वैन से लूटे गए दोनों बॉक्स खाली बरामद किए गए हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की है। हालांकि पुलिस की टीमों ने अन्य दिशाओं में भी बदमाशों की तलाश में हाथ पांव मार रही है। कैश वैन पर कार्यरत सभी कर्मचारियों से भी पूछताछ जारी है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!