21 दिन की फरलो पर बाहर आए गुरमीत राम रहीम की फरलो आज समाप्त हो जाएगी। उसे सोमवार को सुनारिया जेल वापस लाया जाएगा। इसको लेकर जेल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और आसपास के क्षेत्र में भी घेराबंदी की गई है। रोहतक एसपी उदय सिंह मीना सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं। पुलिस को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
हत्या और दुष्कर्म मामले में सुनारियां जेल में सजा काट रहे सिरसा डेरा प्रमुख गुरमीत रामरहीम को 7 फरवरी को फरलो दी गई थी। रविवार को फरलो खत्म हो रही है और उनको सोमवार को जेल में सरेंडर करना है।सरकार की तरफ से भी अभी तक फरलो बढ़ाने पर कोई बयान जारी नहीं हुआ है। ऐसे में रामरहीम को हर हाल में जेल वापस लौटना है।
राम रहीम को सीबीआई की विशेष कोर्ट ने 2 साध्वियों से दुष्कर्म के मामले में 2017 में सजा सुनाई थी। पंचकूला में हिंसा के बाद राम रहीम को सुनारिया जेल में हेलिकॉप्टर से भेजा गया था। तभी से वह जेल में बंद थे। इसके बाद उसे पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी सजा सुनाई गई थी। सरकार से वह बार-बार पैरोल की मांग कर रहा था।
फरलो अवधि के दौरान ही सरकार ने गुरमीत की जान को खतरा बताते हुए जेड प्लस की सुरक्षा देने के आदेश जारी किए थे। इसके बाद गुरुग्राम आश्रम पर पुलिस अधिकारियों की संख्या बढ़ा दी गई थी। राम रहीम की जान को खालिस्तान समर्थकों से खतरा बताया गया था। फरलो के दौरान गुरुग्राम में रहे राम रहीम के पास उसकी मां और हनीप्रीत भी पहंची थी। मामले में एसपी रोहतक उदय सिंह मीना का कहना है कि रामरहीम की 21 दिन की फरलो रविवार को खत्म हो रही है। अब उसे सोमवार को जेल पहुंचना है। जेल प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। मौके पर सीनियर ऑफिसर की ड्यूटी लगाई जाएगी।
