कुलगाम/जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी कमांडर लतीफ भट को एनकाउंटर में मार गिराया। वह एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने वीडियो कॉल के जरिए उसे सरेंडर करने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया।

वीडियो में सुरक्षाबल के अधिकारी उसे समझाते हुए कहते हैं कि वह सरेंडर कर दे, जवान उसके साथ हैं और उसकी जिंदगी अभी बाकी है। इस पर लतीफ जवाब देता है कि वह सरेंडर नहीं करेगा और अल्लाह से मिलना चाहता है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए उसे मार गिराया।

CRPF पोस्ट पर फायरिंग में 3 जवान घायल हुए थे

सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट और उमर निसार डार ने 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF पोस्ट पर फायरिंग की थी। इस हमले में 3 जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों आतंकी फरार हो गए थे और सुरक्षाबलों ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी।

16 नवंबर को उमर मारा गया, लतीफ भाग निकला था

16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में पुलिस और सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को घेर लिया था। मुठभेड़ के दौरान उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट भागने में कामयाब रहा। उस दौरान उसके पैर में गोली लगने की भी जानकारी सामने आई थी।

इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में लगातार तलाशी अभियान चलाया। दो दिन बाद देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद के अंदर उसके छिपे होने की सूचना मिली। सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई की, जिसमें लतीफ मारा गया।

15 लाख रुपये का इनामी था लतीफ

22 वर्षीय लतीफ भट पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। वह कुलगाम के ख्रेवां चादेर (अशमुजी) का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, वह 2025 की शुरुआत में घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल के जरिए उसकी लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी नेटवर्क TRF में भर्ती होने की जानकारी सामने आई थी।

पढ़ाई के बाद बढ़ई का काम करता था

लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में पढ़ाई की और फिर बढ़ई का काम करने लगा।

जांच के अनुसार, उमर निसार डार ने लतीफ को करीब 6 महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने CRPF पोस्ट पर हमले से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।

6 महीने में लश्कर के 4 कमांडर मारे गए

जम्मू-कश्मीर में पिछले 6 महीनों के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के 4 कमांडर सुरक्षाबलों की कार्रवाई में मारे गए हैं। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं।

जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई को शोपियां में मारा गया था। यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर के दौरान और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया था।

सुरक्षाबलों के मुताबिक, क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!