हांसी/हिसार। हरियाणा के हांसी में मंगलवार शाम खाना बनाते समय एक मकान में गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि पूरा मकान ढह गया और आसपास के दो मकानों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में एक ही परिवार के 4 सदस्यों और पड़ोस में रहने वाले एक युवक समेत कुल 5 लोग घायल हो गए। इनमें मां-बेटी समेत 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

धमाके की आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे जींद रोड के पास चद्दर पुल क्षेत्र में हुई। धमाके के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला।

घायलों को हांसी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

एक ही परिवार के 4 सदस्य घायल

हादसे में प्रताप का बेटा नवीन (32), पत्नी रामप्यारी (65), दूसरे बेटे दीपक की पत्नी सुनीता (32) और सुनीता की बेटी मीत (4) घायल हुए हैं। इनके अलावा पड़ोस में रहने वाला निखिल (35) भी घायल हुआ है।

सुनीता के चेहरे की खाल फट गई, जबकि उसकी बेटी मीत के हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गए। नवीन का चेहरा भी झुलसने की जानकारी सामने आई है। पड़ोसी निखिल को भी गंभीर चोटें आई हैं।

धमाके से पूरा मकान मलबे में बदला

ब्लास्ट इतना तेज था कि प्रताप का मकान कुछ ही सेकेंड में मलबे में बदल गया। मकान में नीचे तीन कमरे और पहली मंजिल पर एक कमरा बना हुआ था। धमाके के कारण छत टूटकर नीचे गिर गई और घर में रखा सामान भी पूरी तरह तहस-नहस हो गया।

आसपास के दो मकानों को भी नुकसान

सिलेंडर ब्लास्ट के कारण आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। पड़ोसी गोपाल के मकान की एक दीवार टूटकर गिर गई, जबकि दूसरी तरफ चांदगीराम के मकान का एक कमरा ढह गया।

डायल-112 मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।

फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!