भिवानी। देवउठनी एकादशी के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशेष रेल व्यवस्था की है। रेलवे की ओर से 19 से 21 नवंबर तक हिसार-रींगस-हिसार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस दौरान ट्रेन के कुल 3 ट्रिप संचालित होंगे। इसके अलावा जयपुर-भिवानी और मदार-रोहतक स्पेशल ट्रेनों में भी अस्थायी रूप से अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, यह व्यवस्था त्योहार के दौरान यात्रियों को राहत देने और अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए की गई है।
हिसार से सुबह 9:55 बजे रवाना होगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 04747 हिसार-रींगस अनारक्षित स्पेशल 19 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन हिसार से सुबह 9 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी। यह ट्रेन शाम 4 बजकर 30 मिनट पर रींगस पहुंचेगी।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04748 रींगस-हिसार अनारक्षित स्पेशल 19 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन रींगस से शाम 5 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और रात 12 बजकर 10 मिनट पर हिसार पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
हिसार और रींगस के बीच चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन हांसी, बवानीखेड़ा, भिवानी, चरखी दादरी, कोसली, जाटूसाना, रेवाड़ी, अटेली, नारनौल, डाबला, मावंडा, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रुकेगी।
ट्रेन में 13 साधारण श्रेणी के डिब्बे और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 15 डिब्बे होंगे।
जयपुर-भिवानी ट्रेन में 4 अतिरिक्त डिब्बे
रेलवे ने गाड़ी संख्या 59709/59710 जयपुर-भिवानी-जयपुर रेलसेवा में भी अस्थायी रूप से 4 साधारण श्रेणी के डिब्बे बढ़ाने का फैसला लिया है।
जयपुर से यह बढ़ोतरी 17 से 23 नवंबर तक और भिवानी से भी 17 से 23 नवंबर तक लागू रहेगी।
मदार-रोहतक ट्रेन में भी बढ़ेंगे डिब्बे
गाड़ी संख्या 09639/09640 मदार-रोहतक-मदार स्पेशल ट्रेन में भी यात्रियों को राहत मिलेगी। इस ट्रेन में 18 से 22 नवंबर तक अस्थायी रूप से 3 साधारण श्रेणी और 1 एसएलआर श्रेणी का अतिरिक्त डिब्बा लगाया जाएगा।
मदार से चलने वाली ट्रेन में यह व्यवस्था 18 से 22 नवंबर तक और रोहतक से चलने वाली ट्रेन में भी इसी अवधि में लागू रहेगी।
रेलवे के इस फैसले से देवउठनी एकादशी के अवसर पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।
