पलवल। पलवल में रविवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पियूष सिटी में हुई इस मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान सिहोल गांव निवासी ओमबीर उर्फ ओमी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी गौरव गांव दीघौट का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पलवल-हथीन रोड पर ट्रक चालकों से लूट और एक SPO को थार गाड़ी से टक्कर मारकर फरार होने के मामले में वांछित थे। घायल ओमबीर को उपचार के लिए पलवल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, AVT स्टाफ हथीन प्रभारी जगमेंद्र सिंह और ANC प्रभारी हनीश खान की टीमें पलवल-सोहना रोड पर ककराली मोड़ के पास मौजूद थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पियूष सिटी में दो संदिग्ध युवक हथियारों के साथ बैठे हैं और किसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने दो टीमें बनाईं और सरकारी गाड़ियों की लाइट बंद कर मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर ली। पुलिस ने दोनों युवकों को अपनी पहचान बताकर आत्मसमर्पण करने के लिए कहा।

पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस के अनुसार, एक आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। गोली पुलिस प्रभारी के बाएं कान के पास से निकल गई। पुलिस ने चेतावनी देते हुए हवाई फायर किया, लेकिन आरोपियों ने दोबारा फायरिंग की।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान ओमबीर के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। पुलिस ने उसे काबू कर अस्पताल पहुंचाया, जबकि उसके साथी गौरव को गिरफ्तार कर लिया गया।

देसी पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और चार चले हुए कारतूस के खोल बरामद किए हैं। शहर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 132, 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दो ट्रक चालकों से लूट और तीसरे का किया था अपहरण

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले दो ट्रक चालकों से लूट की वारदात को अंजाम दे चुके थे। इसके बाद उन्होंने तीसरे ट्रक चालक के साथ मारपीट की और उसे अगवा कर अपनी थार गाड़ी में डालकर ले जाने लगे।

इसी दौरान डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। एक SPO ने आरोपियों की थार को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए थे।

फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

डीएसपी मुख्यालय नरेंद्र खटाना ने बताया कि पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। रविवार रात पियूष सिटी में पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी घायल हुआ और दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!