सोनीपत/रोहतक। हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के रोडरेज की सनसनीखेज वारदात सामने आई। मामूली सड़क हादसे के बाद हुए विवाद में ईको गाड़ी सवार युवकों ने कार में सवार दो लोगों पर गोली चला दी। गोली लगने से रोहतक निवासी कपड़ा शोरूम के सहायक मैनेजर प्रह्लाद की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपनी ईको गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कैथल में शोरूम की ओपनिंग से लौट रहे थे दोनों

जानकारी के अनुसार, रोहतक के तिलक नगर निवासी प्रह्लाद एक कपड़ा शोरूम में सहायक मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार को वह अपने साथी कर्मवीर निवासी रुड़की के साथ कैथल में एक नए कपड़ा शोरूम की ओपनिंग में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों देर रात अपनी कार से जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे के रास्ते रोहतक लौट रहे थे।

पीछे से कार को टक्कर मारकर भागने लगी ईको

बताया जा रहा है कि रास्ते में तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद ईको चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और वहां से भागने लगा। इसके बाद प्रह्लाद और कर्मवीर ने अपनी कार से ईको का पीछा किया। गोहाना क्षेत्र में रुखी और आहुलाना गांव के बीच दोनों ने ईको गाड़ी को रुकवा लिया।

टक्कर का कारण पूछा तो शुरू कर दी फायरिंग

ईको गाड़ी रुकने के बाद प्रह्लाद और कर्मवीर अपनी कार से नीचे उतरे और युवकों से पीछे से टक्कर मारने का कारण पूछा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान ईको सवार युवकों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली प्रह्लाद की बाजू में लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ईको गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गए।

पीजीआई रोहतक में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

गोली लगने के बाद कर्मवीर घायल प्रह्लाद को तुरंत पीजीआई रोहतक लेकर पहुंचा। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने कर्मवीर से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। उसे घटनास्थल की पहचान कराने के लिए भी बुलाया गया है।

मौत के कारण को लेकर पुलिस कर रही जांच

मामले में पुलिस गोली लगने की परिस्थितियों और मौत के कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस के सामने यह सवाल है कि बाजू में गोली लगने के बावजूद प्रह्लाद की मौत किन परिस्थितियों में हुई। इसके लिए घटनाक्रम, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

बरोदा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाने के साथ ईको गाड़ी और उसमें सवार युवकों की पहचान करने में लगी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

इस वारदात ने एक बार फिर सड़क पर मामूली टक्कर के बाद बढ़ते विवाद और हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हत्या के पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!