हिसार/मुजफ्फरनगर: हरियाणा के हिसार से हरिद्वार जा रहे छह लोगों की सोमवार सुबह मुजफ्फरनगर में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। सभी लोग एक ऑरा कार में सवार थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जाकर पलट गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई। हादसे में एक महिला भी शामिल है।

हादसा सुबह करीब 5 बजे पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास हुआ। कार में सवार सभी छह लोग हिसार जिले के राखीगढ़ी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे परिवार के साथ हरिद्वार जा रहे थे।

टक्कर इतनी भीषण कि पोल के दो टुकड़े हुए

जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। इसी दौरान चालक गाड़ी पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल दो टुकड़ों में टूट गया। इसके बाद कार डिवाइडर के करीब 10 मीटर हिस्से को तोड़ते हुए दूसरी लेन में पलट गई।

आग लगते ही मची अफरा-तफरी, बाहर नहीं निकल पाए सवार

हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पहले डगमगाई और पलट गई। इसके बाद उसमें से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि राहगीरों को कार के पास पहुंचकर लोगों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि पलटने और भीषण टक्कर के कारण कार में बैठे लोग अंदर ही फंस गए थे। वे बाहर नहीं निकल पाए।

एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

राहगीरों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जब कार के गेट तोड़कर अंदर देखा गया तो सभी छह लोगों की मौत हो चुकी थी। आग से शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

हिसार के राखीगढ़ी के रहने वाले थे सभी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग हिसार जिले के राखीगढ़ी के निवासी थे। गाड़ी चला रहे साहिल के पास उनके रिश्तेदार प्रवीण की कार थी। परिवार के लोग इसी कार से हरिद्वार घूमने जा रहे थे।

हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जली हुई कार को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू कराया। हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान की औपचारिक पुष्टि पोस्टमार्टम और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!