हरियाणा पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी से पेपर पास कराने के मामले में भिवानी सीआईए द्वितीय की टीम ने दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीआईए स्टाफ द्वितीय ने हरियाणा पुलिस के सिपाही भर्ती परीक्षा में धोखाधड़ी करके पेपर पास करवाने के मामले में दूसरे आरोपी को किया गिरफ्तार।
— Bhiwani Police (@BhiwaniPolice) February 1, 2022
पुलिस टीम के द्वारा आरोपी को 04 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।@cmohry @anilvijminister @police_haryana @igrohtak pic.twitter.com/Sms1X2m16Q
सदर पुलिस को सुरक्षा एजेंट ने शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया था कि भिवानी में एक गिरोह है, जो हरियाणा पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा 2021 में परीक्षार्थी की जगह किसी दूसरे को परीक्षा दिला पास कराता है। गिरोह के सदस्य असल परीक्षार्थी की जगह फर्जी परीक्षार्थी के आधार कार्ड व एडमिट कार्ड में भी फोटो मिक्सिंग कर धोखाधड़ी करते थे। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया था।
मिली जानकारी के अनुसार सीआईए द्वितीय के सहायक उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र ने हरियाणा पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा में फर्जी तरीके से परीक्षा पास कराने के मामले में दूसरे आरोपी को न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी की पहचान विष्णु निवासी गोपालपुर रोहतक के रूप में की है।
पुलिस ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को 22 जनवरी को गिरफ्तार किया था। जिसकी पहचान अनिल निवासी जूई खुर्द के रूप में हुई थी। पुलिस ने आरोपी से एक बाइक व एक मोबाइल फोन बरामद किया था। पुलिस आरोपी विष्णु से गहन पूछताछ कर रही है। इस मामले में अन्य आरोपियों की धरपकड़ में भी पुलिस जुटी है।
