सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के मुंडलाना गांव में तीन बच्चों की हत्या के बाद मां द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में अब जमीन विवाद का एंगल सामने आया है। मामले में सामने आए दो पेज के सुसाइड नोट में महिला रीमा ने अपने सास-ससुर पर दोनों बेटों के बीच भेदभाव करने और छोटे बेटे रिंकू को अधिक जमीन देने की इच्छा रखने का आरोप लगाया है।

रीमा ने नोट में पारिवारिक तनाव और अलग रहने की इच्छा पूरी नहीं होने का भी जिक्र किया है। हालांकि, जमीन विवाद ही इस दर्दनाक घटना की एकमात्र वजह था या इसके पीछे अन्य परिस्थितियां भी थीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

12 एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर थी नाराजगी

जानकारी के अनुसार, परिवार में जयदीप और रिंकू दो भाई हैं, जबकि उनकी तीन बहनें हैं। दोनों भाइयों के हिस्से में कुल 12 एकड़ जमीन आती है। यह जमीन पिता ओमबीर के नाम पर बताई गई है। रीमा का आरोप था कि परिवार में छोटे बेटे रिंकू को ज्यादा प्राथमिकता दी जा रही थी।

बताया गया है कि जयदीप भी खेती और आर्थिक मामलों में अपने छोटे भाई की मदद करता था। इस बात को लेकर भी रीमा नाराज रहती थी। सुसाइड नोट में उसने जमीन को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।

अलग रहने की इच्छा भी नहीं हुई थी पूरी

परिवार पहले संयुक्त रूप से रहता था। रीमा अलग रहना चाहती थी। जानकारी के मुताबिक, घटना से करीब 12 दिन पहले परिवार ने अलग-अलग रहना शुरू किया था।

रीमा ने अपने सुसाइड नोट में लिखा कि यदि सास-ससुर ने समय रहते उन्हें अलग कर दिया होता तो शायद ऐसी स्थिति नहीं बनती। उसने पारिवारिक परिस्थितियों और मानसिक तनाव को लेकर भी अपनी परेशानी जाहिर की थी।

2012 में हुई थी शादी, पोस्ट ग्रेजुएट थी रीमा

रीमा की शादी वर्ष 2012 में जयदीप के साथ हुई थी। जयदीप JBT टीचर हैं। दंपती के तीन बच्चे थे। इनमें 11 वर्षीय बेटी रिहाना, 7 वर्षीय बेटी आरजू और 4 वर्षीय बेटा दुष्यंत शामिल थे।

रीमा पोस्ट ग्रेजुएट थी। बताया गया है कि शादी के बाद भी उसके पति ने उसकी पढ़ाई पूरी करवाने में सहयोग किया था। परिवार में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है।

दो पेज के सुसाइड नोट में पति को बताया निर्दोष

पुलिस को घटनास्थल से रीमा का दो पेज का सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपनी मानसिक परेशानी और पारिवारिक विवादों का जिक्र किया है। उसने अपने पति जयदीप को निर्दोष बताते हुए लिखा कि उसका इस मामले में कोई दोष नहीं है और उसके खिलाफ कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।

नोट में रीमा ने सास-ससुर पर जमीन के मामले में पक्षपात करने के आरोप लगाए हैं। इसके अलावा उसने परिवार के अन्य सदस्यों को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की है।

एक ही चिता पर हुआ मां और तीनों बच्चों का अंतिम संस्कार

इस दर्दनाक घटना से पूरे मुंडलाना गांव में शोक की लहर है। रविवार को रीमा और उसके तीनों बच्चों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया गया। गांव में माहौल इतना गमगीन रहा कि सुबह कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।

पुलिस जांच में जुटी

मामले में सुसाइड नोट, पारिवारिक परिस्थितियों और जमीन विवाद से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस सभी संबंधित तथ्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर घटना की वजहों का पता लगाने में जुटी है।

एक परिवार में जमीन के बंटवारे और आपसी तनाव की बात अब इस हृदयविदारक घटना के बाद चर्चा में है। तीन मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!