गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी विवाद में 6 जजपा नेताओं की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश में सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। जननायक जनता पार्टी (JJP) ने हिसार पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ मामला अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया है। पार्टी ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल्ड ट्राइब्स को ईमेल और डाक के जरिए शिकायत भेजी है।

जजपा नेताओं का आरोप है कि पुलिस ने उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया। रात के समय बिना महिला पुलिस के दबिश दी गई और परिजनों के साथ धक्का-मुक्की व अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया।

वहीं जजपा के एससी सेल के जिला अध्यक्ष बिजेंद्र की ओर से नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल्ड कास्ट्स को भी पत्र लिखा गया है। शिकायत में कहा गया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान परिवार के सदस्यों के साथ बदसलूकी की गई। आरोप है कि डीवीआर उतारते समय पुलिसकर्मी पलंग पर सो रही नाबालिग बच्ची के ऊपर चढ़ गए।

पुलिस ने इस मामले में जितेंद्र श्योराण, बिजेंद्र, गौरव सैनी, तरुण गोयल, दीपक और रविंद्र कुमार को गिरफ्तार किया था।

बार एसोसिएशन का विरोध, कामकाज ठप
घटना के विरोध में सोमवार को हिसार, कैथल और फतेहाबाद समेत कई जिलों में वकीलों ने कामकाज बंद रखा। सिरसा बार एसोसिएशन ने निंदा प्रस्ताव पास किया, जबकि हिसार की टैक्स बार और बार एसोसिएशन में भी पूरा दिन कामकाज ठप रहा।

27 अप्रैल को महापंचायत का ऐलान
पंचकूला में हुई जजपा की बैठक में 27 अप्रैल को हिसार में ‘छात्र हित महापंचायत’ आयोजित करने का फैसला लिया गया। संभावित भीड़ को देखते हुए एसपी हिसार ने सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

दुष्यंत चौटाला के गंभीर आरोप
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने पूरे मामले में DGP से कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका नंबर ब्लॉक कर दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि 17 अप्रैल को जब वे और दिग्विजय चौटाला GJU केस में गिरफ्तारी देने जा रहे थे, तब रास्ते में CIA इंचार्ज पवन कुमार ने उनका काफिला रोककर हथियार तान दिया और गाड़ी से कुचलने की कोशिश की।

फिलहाल, यह मामला अब प्रशासन और राजनीति के बीच बड़ा टकराव बनता जा रहा है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!