करनाल में फैमिली आईडी में कथित गड़बड़ी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग महिला को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, करीब 70 वर्षीय मुस्लिम महिला की फैमिली आईडी में उनके दिवंगत पति की जगह किसी अन्य व्यक्ति का नाम दर्ज हो गया, जिससे रिकॉर्ड में त्रुटि पैदा हो गई। महिला के पति का निधन लगभग 20 वर्ष पहले हो चुका है।
महिला का कहना है कि इस गलत एंट्री के कारण करीब 11 महीने पहले उनका राशन कार्ड बंद हो गया। पहले वह सरकारी राशन के सहारे अपना गुजारा कर रही थीं, लेकिन अब उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में वह एक गाय पालकर उसका दूध बेचकर किसी तरह अपना जीवनयापन कर रही हैं।
वहीं, इस मामले में संबंधित अधिकारियों का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और महिला की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।


दरअसल, मामला करनाल के चांद सराए कॉलोनी का है। 70 वर्षीय रहीसा ने बताया कि उसके पति नसीर का निधन करीब 20 साल पहले हो चुका है। इसके बावजूद उसकी फैमिली आईडी में रणधीर नाम के व्यक्ति को उसका पति दिखा दिया गया है। रहीसा का कहना है कि वह मुस्लिम है, जबकि रणधीर हिंदू है और वह इस व्यक्ति को जानती तक नहीं है। इस तरह की विभागीय लापरवाही के चलते अब उसे परेशानियां उठानी पड़ रही है।
बुजुर्ग महिला ने बताया कि वह इस गलती को ठीक करवाने के लिए कई दफ्तरों के चक्कर काट चुकी है। पहले वह एडीसी दफ्तर गई, जहां से उसे बिजली दफ्तर भेज दिया गया। वहां से अटल सेवा केंद्र भेजा गया, लेकिन किसी ने भी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया।
करनाल एडीसी डॉ राहुल ने बताया कि ये ममला अभी उनके संज्ञान में नहीं था, अभी मामला सज्ञांन में आया है कल बुजुर्ग महिला को अपने कार्यालय में बुलाकर उनकी इस समस्या का समाधान जरूर करेंगे।
