हिसार में CIA (क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) इंचार्ज इंस्पेक्टर पवन कुमार एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के काफिले को रोकने के मामले के बाद अब एक नया आरोप सामने आया है।
फतेहाबाद के बाद अब हिसार के उकलाना क्षेत्र के गांव बुड्ढाखेड़ा की एक महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इंस्पेक्टर पवन कुमार पर प्रताड़ना, उगाही और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
वायरल वीडियो में महिला खुद को असुरक्षित बताते हुए कहती नजर आती है कि इस वीडियो के बाद उसकी जान को खतरा हो सकता है। वह भावुक अवस्था में इंस्पेक्टर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहती है कि वह नहीं चाहती कि कोई और व्यक्ति कथित तौर पर उनके अत्याचार का शिकार बने।
महिला ने वीडियो में एक व्यक्ति हरपाल की मौत का जिक्र करते हुए इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
वहीं, इंस्पेक्टर पवन कुमार ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है। उनका कहना है कि लगाए गए आरोपों में किसी भी तरह की सच्चाई नहीं है।
फिलहाल मामला सामने आने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से जांच की संभावना जताई जा रही है।
महिला का आरोप है कि पवन कुमार ने उनके पति रमेश कुमार को जेल के अंदर जाकर धमकी दी थी। महिला के अनुसार, “पवन ने रमेश से कहा था कि मुकदमा वापस ले लो, वरना तुम्हारी बीवी और बच्चों को भी झूठे केस में अंदर कर दूंगा।
महिला ने दावा किया कि उन्होंने आरटीआई (RTI) के जरिए पुख्ता सबूत जुटाए हैं कि इंस्पेक्टर बिना किसी आधिकारिक रिकॉर्ड के जेल में उनके पति को धमकाने पहुंचा था।
पीड़ित महिला का कहना है कि वह पिछले तीन सालों से न्याय के लिए कोर्ट के चक्कर काट रही हैं। उनके पास मेडिकल रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजी सबूत मौजूद हैं। महिला ने मांग की है कि इंस्पेक्टर पवन कुमार ने कथित तौर पर अवैध तरीके से संपत्ति बनाई है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
महिला ने कहा कि वह शख्स वर्दी के लायक नहीं है और उसे तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए। वीडियो में महिला ने अंदेशा जताया कि पुलिस अधिकारी उन पर या उनके बच्चों पर झूठा मुकदमा दर्ज करवा सकता है।

