रोहतक। रोहतक में जाट भवन के पास देवीलाल पार्क में सैर करने जा रही मां-बेटी को तेज रफ्तार वरना कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों महिलाएं घायल हो गईं। टक्कर के बाद मां कार के नीचे फंस गई, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने बाहर निकाला। लोगों ने कार सवार दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। घायल महिलाओं को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है।

पीछे से आई कार ने मारी टक्कर

गोपाल कॉलोनी निवासी नीलम पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह अपनी मां कृष्णा देवी के साथ देवीलाल पार्क में सैर करने जा रही थीं। जब वे जाट भवन के पास पहुंचीं, तभी पीछे से आई सफेद रंग की वरना कार ने उन्हें टक्कर मार दी।

नीलम के अनुसार, टक्कर लगने से वह उछलकर दूर जा गिरीं, जबकि उनकी मां कृष्णा देवी कार के आगे गिर गईं। आरोप है कि इसके बाद कार उनके ऊपर चढ़ गई और कृष्णा देवी गाड़ी के नीचे फंस गईं।

लोगों ने कार रुकवाकर दोनों को निकाला

हादसा होते देख आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार को रुकवाया और उसमें सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। लोगों ने कृष्णा देवी को कार के नीचे से बाहर निकाला और घायल मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया।

नीलम ने आरोप लगाया कि कार से उतारे जाने के बाद दोनों युवक शराब के नशे में लग रहे थे। हालांकि, उनके नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।

CCTV में कैद हुई घटना

जाट भवन के पास हुई यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में सफेद रंग की वरना कार पीछे से दोनों महिलाओं को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि जाट भवन के पास सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नीलम की शिकायत के आधार पर कार सवार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!