हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में सीबीएसई 10वीं के परीक्षा परिणाम के बाद एक 16 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गांव कोजिंदा निवासी छात्रा शहर के गांव सुराना स्थित एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। बुधवार शाम को उसका परीक्षा परिणाम घोषित हुआ, जिसमें वह मैथ, साइंस और सोशल साइंस विषयों में असफल हो गई थी।
ग्रामीणों का कहना है कि रिजल्ट आने के बाद भी परिवार की ओर से छात्रा पर किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया था और बुधवार शाम तक सब कुछ सामान्य था। हालांकि, गुरुवार सुबह छात्रा ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों ने तुरंत उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए और फिर जयपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही छात्रा ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिजन शव को वापस नारनौल के नागरिक अस्पताल लेकर आए, जहां पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
