हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। धारूहेड़ा में जंगल बेबलर के सामने सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से एल्यूमीनियम प्लेटों से लदा दूसरा ट्रक जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चालक के केबिन में बुरी तरह फंसे होने के कारण ट्रक की बॉडी कटवाकर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया गया।

जयपुर से दिल्ली जा रहा था ट्रक

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजस्थान के अजमेर निवासी करीब 30 वर्षीय अर्जुन के रूप में हुई है। वह एल्यूमीनियम प्लेटों से लदा ट्रक लेकर जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। शनिवार देर रात करीब 3 बजे जब वह धारूहेड़ा में जंगल बेबलर के सामने पहुंचा, तो सड़क किनारे खड़े रोड़ी से भरे ट्रक से उसकी गाड़ी टकरा गई।

बताया जा रहा है कि रोड़ी से भरा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रक उससे भिड़ गया। टक्कर के बाद अर्जुन केबिन में बुरी तरह फंस गया और उसकी जान चली गई।

केबिन काटकर बाहर निकाला शव

हादसे के बाद ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। चालक को बाहर निकालने के लिए ट्रक की बॉडी काटनी पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

खराब ट्रक का चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी

जांच अधिकारी सतेंद्र के अनुसार, सड़क किनारे खड़े रोड़ी से भरे ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई थी। हादसे के बाद उस ट्रक का चालक मौके से चला गया। पुलिस उसकी जानकारी जुटा रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!