रोहतक, 14 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति नागरिकों को जागरूक करने तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शीला बाईपास चौक पर कचरा पृथक्करण एवं कंपोस्टिंग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला संयोजक संदीप राठी के नेतृत्व में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन का संदेश दिया गया। इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष नवीन ढुल ने नगर निगम के कर्मचारियों से संवाद करते हुए स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
नवीन ढुल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। नगर निगम के कर्मचारी घर-घर से कचरा एकत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए वे कचरा संग्रहण के साथ-साथ लोगों को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कचरा उठाते समय दोनों प्रकार के कचरे को अलग रखें और कचरा संग्रहण वाहनों में भी इनके पृथक संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि गृहणियों को घर-घर जाकर समझाया जाए कि रसोई से निकलने वाले फल-सब्जियों के छिलके तथा अन्य जैविक अपशिष्ट को गीले कचरे के डस्टबिन में डालें, जबकि कागज, गत्ता और प्लास्टिक जैसी वस्तुओं को सूखे कचरे के डस्टबिन में रखें। गीले कचरे से जैविक खाद तैयार की जा सकती है, जिससे कचरे की मात्रा कम करने और पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलती है। वहीं, सूखे कचरे का उचित निस्तारण एवं पुनर्चक्रण भी आसान होता है।
नवीन ढुल ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि हर परिवार अपने घर से ही कचरे का पृथक्करण शुरू कर दे और निगम कर्मचारी नागरिकों को इसके लिए निरंतर प्रेरित करें, तो स्वच्छता अभियान को व्यापक जन आंदोलन बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के कार्यों से जोड़ना आवश्यक है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें, कचरे को निर्धारित स्थान पर डालें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखकर नगर निगम के प्रयासों में सहयोग दें। सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला संयोजक संदीप राठी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप जांगड़ा, विक्रम, शिव कुमार, बलबीर, श्रीदीप, धर्मबीर, अमन हुड्डा, केशव, आकाश, मालो, कविता, लक्ष्मी, इंद्र मोहन अरोड़ा, संजय वर्मा, अमित चैधरी, अमन नागर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!