हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। शाहाबाद के बराड़ा रोड स्थित खदानों के पास झाड़ियों में किसी ने 15 से 20 दिन की नवजात बच्ची को लावारिस हालत में फेंक दिया। गनीमत यह रही कि समय रहते राहगीर महिला की नजर बच्ची पर पड़ गई और उसकी जान बच गई। बच्ची की एक आंख में चोट है और घंटों तक खुले में पड़े रहने के कारण उसके शरीर को चींटियों और कीड़ों ने बुरी तरह नोच लिया था।घटना बृहस्पतिवार सुबह करीब 7 बजे की है। पास की ही कॉलोनी में रहने वाली प्रवीण बेगम जब बराड़ा रोड से होकर दूध लेने जा रही थीं, तब जंगल के रास्ते में जमीन पर पड़ी मासूम पर उनकी नजर पड़ी। बच्ची की हालत देखकर उन्होंने तुरंत आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों को आवाज दी। प्रवीण बेगम ने बिना देर किए बच्ची को अपनी गोद में उठाया और सुरक्षित स्थान पर लेकर आईं। उस वक्त मासूम की सांसें चल रही थीं, लेकिन शरीर पर लाल चकत्ते और आंख पर चोट का गहरा निशान था।

घटना की सूचना मिलते ही शाहाबाद थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी (SHO) सुरेंद्र सिंधु ने संवेदनशीलता दिखाते हुए लहूलुहान बच्ची को तुरंत अपनी गोद में लिया और बिना वक्त गंवाए गाड़ी से शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम तुरंत बच्ची के इलाज में जुट गई है। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आखिर इस मासूम को झाड़ियों में कौन और किस वक्त फेंककर गया, इसका पता अभी नहीं चल सका है। कुरुक्षेत्र पुलिस ने अज्ञात कलयुगी माता-पिता या परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास की सड़कों और बराड़ा रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि नवजात को छोड़ने वाले अपराधियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि बच्ची के स्वस्थ होने के बाद नियमानुसार बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!