रोहतक, 20 सितंबर। शहरवासियों को दीपावली पर्व के अवसर पर शहर के बीचों-बीच से गुजरने वाली प्रमुख सडक़ के नए और बेहतर स्वरूप की सौगात मिलेगी। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के गेट नंबर-2 के समीप आज देर शाम उपायुक्त सतबीर सिंह, मेयर राम अवतार वाल्मीकि व पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने नारियल तोडक़र सडक़ के मजबूतीकरण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठï नेता सतीश नांदल भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि यह सडक़ शहर की जीवन रेखा के समान है और इसके मजबूतीकरण से शहरवासियों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह सडक़ महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के गेट नंबर-2 से शुरू होकर डी-पार्क, मेडिकल मोड़, छोटूराम चौक, अंबेडकर चौक, किला रोड तथा भिवानी स्टैंड होते हुए हिसार रोड पर गांव बहुअकबरपुर स्थित खाटू श्याम मंदिर तक जाएगी।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सडक़ की कुल लंबाई 16 किलोमीटर से अधिक है तथा इसके मजबूतीकरण कार्य पर लगभग 22 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। सडक़ के मजबूतीकरण के साथ-साथ पुराने बस स्टैंड के समीप लगभग 500 मीटर लंबा बरसाती नाला भी बनाया जाएगा। इससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी और सडक़ की गुणवत्ता एवं टिकाऊपन भी बेहतर होगा।
सतबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सडक़ मजबूतीकरण का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि शहरवासियों को इसका लाभ शीघ्र मिल सके। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास के संकल्प के साथ रोहतक सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य करवा रही है। उन्होंने कहा कि रोहतक में विकास कार्यों की गति लगातार जारी है और आने वाले समय में भी यह गति रुकने वाली नहीं है।
मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि जो लोग लगातार यह कहते हैं कि रोहतक में विकास नहीं हो रहा, उन्हें एक बार शहर में चल रहे विकास कार्यों को मौके पर आकर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ चिन्योट कॉलोनी से सेक्टर-6 तक बनाई जा रही नई सडक़ इसका उदाहरण है। इस सडक़ की लंबाई लगभग 3.790 किलोमीटर और चौड़ाई 5.50 मीटर है तथा इसके निर्माण के लिए करीब 21.27 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
ग्रोवर ने कहा कि रोहतक की जनता विकास चाहती है और सभी जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम को जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में सडक़, सीवर, पेयजल, नाली, पार्किंग और यातायात जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर लगातार काम किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोहतक में विकास की गाथा रुकने वाली नहीं है। एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के साथ नई सडक़ परियोजना से हजारों लोगों को लाभ मिलेगा और रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर यातायात संबंधी परेशानियां कम होने की उम्मीद है। मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि रोहतक का विकास किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक क्षेत्र में जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाए जाएंगे।
इस अवसर पर मेयर राम अवतार वाल्मीकि, वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश नांदल, रमेश भाटिया, चेयरमैन खुशीराम हुड्डा, डॉ. अमित ढल, कुलविंदर सिक्का, मुकेश टक्कर, विकास बंसल, राजीव भांकर, कार्यकारी अभियंता अरूण कुमार सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!