बिहार में नालंदा के मघड़ा में मंगलवार सुबह माता शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़ से 8 महिलाओं की मौत हो गई है। 6 से ज्यादा लोग घायल हैं।
चैत्र महीने का आज आखिरी मंगलवार है, इसलिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। प्रशासन ने हादसे के बाद मंदिर और मेला को बंद करवा दिया है।
8 मृतकों में से 2 की पहचान हो पाई है। इनमें नालंदा निवासी रीता देवी (50) और रेखा देवी (45) हैं। घायलों को इलाज के लिए मॉडल अस्पताल भेजा गया है।
महिला भक्तों का कहना चैत्र महीने का ये अंतिम मंगलवार है। यहां मेला लगा था। लोगों की भीड़ ज्यादा हो गई। लोग जल्दी-जल्दी दर्शन करने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में थे। कोई लाइन में लगकर पूजा नहीं करना चाह रहा था। इसी में भगदड़ मच गई।
मंदिर का गर्भ गृह बहुत छोटा है। मंदिर गई महिला ने बताया कि भीड़ इतनी थी कि लोग एक-दूसरे पर चढ़ रहे थे। सबको जल्दी थी आगे जाकर पूजा करने की।
मृतका रेखा देवी के बेटे ने बताया, ‘मम्मी मेला देखने गई थी। हजारों की भीड़ थी। मघड़ा मेला लगा था। मैं घर पर था, जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचा। मां को अस्पताल लेकर आए, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।’

