सत्येन्द्र दुहन, आयुक्त, नगर निगम, रोहतक ने बताया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा शहर में गंदगी न फैले, इसके लिए नगर निगम द्वारा शहर से कूड़ा उठाने का कार्य शुरू करवा दिया गया है। शहरी क्षेत्रों के विभिन्न कूड़ा बिंदुओं से जल्द ही कूड़ा उठवाकर सफाई व्यवस्था को सुचारू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कूड़ा उठान एवं सफाई कार्य के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है तथा पर्याप्त मात्रा में सफाई वाहन एवं अन्य संसाधन कार्य में लगाए गए हैं। नगर निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही हैं, ताकि सभी कूड़ा बिंदुओं की शीघ्र सफाई सुनिश्चित की जाएगी। जनहित एवं महामारी की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा कूड़ा उठान एवं सफाई कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। नगर निगम का प्रयास है कि शहर में कहीं भी कूड़ा जमा न रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने सफाई कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगों पर निरंतर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जा रहा है तथा अनेक मांगों पर सहमति भी बनी है। शेष मांगों पर भी सरकार द्वारा गंभीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों को वर्तमान में ₹20,590 प्रतिमाह दिए जा रहे हैं, जिसमें ₹19,000 मासिक वेतन तथा ₹1,590 भत्ते शामिल हैं। सरकार पालिका रोल कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने के लिए तैयार है। जॉब सिक्योरिटी मिलने के पश्चात कर्मचारियों का ₹21,000 वेतन मासिक तथा ₹1,590 भत्ते शामिल होंगे। इसके साथ ही जॉब सिक्योरिटी के नियमों के तहत कर्मचारियों को प्रत्येक वर्ष वेतन में वार्षिक वृद्धि का लाभ भी मिलेगा। इसलिए जब तक सभी मांगों पर अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें तथा आमजन एवं प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा, विवाद अथवा व्यवधान उत्पन्न न करें।

उन्होंने कहा कि सफाई एवं कूड़ा उठान का कार्य सीधे तौर पर जनहित एवं शहर की स्वच्छता व्यवस्था से जुड़ा हुआ है। अतः सभी कर्मचारी जनहित को ध्यान में रखते हुए सहयोग बनाए रखें, ताकि शहर में सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रह सके और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आयुक्त ने आमजन से अपील की कि अपना कूड़ा नगर निगम के कूड़ा लेने वाले वाहनों में ही डालें तथा सड़कों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न डालें।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!