रोहतक की न्यू जनता कालोनी निवासी इनवर्टर बैटरी सप्लायर अनिल के साथ आधा दर्जन युवकों ने बहादुरगढ़ में मारपीट कर एक लाख 40 हजार 500 रुपये लूट लिए गए। वारदात को मंगलवार शाम को अंजाम दिया गया था, लेकिन व्यापारी के घायल होने की वजह से उसके बयान दर्ज नहीं हो पाए थे। घायल को पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया। छुट्टी मिलने के बाद बुधवार देर रात पुलिस ने इस मामले में नामजद लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करके कार्रवाई की। आरोपित फरार होने से पहले पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी देकर गए हैं। पुलिस ने देर रात दो आरोपितों के खिलाफ नामजद समेत चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, रोहतक शहर की न्यू जनता कॉलोनी में रहने वाले अनिल इन्वर्टर की बैटरी खरीदने और बेचने का काम करता है। वह रोहतक के अलावा झज्जर और बहादुरगढ़ में भी बैटरी सप्लाई करता है। मंगलवार सुबह वह अपनी पिकअप गाड़ी लेकर बहादुरगढ़ बैटरी खरीदने आया था।
बैटरी खरीदने के बाद अनिल दोपहर के समय वापस अपने घर जा रहा था। तभी उसके मोबाइल पर फोन आया और कॉल करने वाले ने बैटरी का रेट पूछा। अनिल ने बैटरी का रेट बता दिया। आरोपी ने कहा कि हमें धंधा करने देगा या नहीं। इस पर अनिल ने कॉल करने वाले से कहा कि आप बोल कौन रहे हैं तो उसने कहा कि पुरानी कोर्ट बहादुरगढ़ के पास आ जाओ।
अनिल अपनी गाड़ी लेकर पुरानी कोर्ट के पास आ गया। 10 मिनट बाद एक पिकअप गाड़ी में रोहतक के बालंद निवासी कुलदीप व ढिल्लू और एक अन्य लड़का पहुंचा। आरोपियों ने उसकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी लगा दी और फिर उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। वारदात के बाद आरोपी वहां से चले गए। करीब 20 मिनट बाद अलग-अलग गाड़ियों में सवार होकर कुछ युवकों के साथ वही तीनों आरोपी आए और फिर से बुरी तरह पीटा। साथ ही उसकी जेब से 1.40 लाख रुपए छीन लिए। झगड़े में उसका मोबाइल भी टूट गया।
आरोपियों ने फरार होते समय उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पहले पीड़ित अनिल को बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। बुधवार को पीजीआई से छुट्टी मिलने के बाद वह शाम के समय सेक्टर-6 पुलिस थाना पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी कुलदीप व ढिल्लू के अलावा 4 अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
